मुरादाबाद। जिला आर्म रेसलिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित ओपन आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में मेजबान आरएसडी एकेडमी ओवरऑल चैंपियन बनी। महिलाल पब्लिक स्कूल की टीम दूसरे और रेम्बो पब्लिक स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं चैंपियन ऑफ चैंपियंस के मुकाबलों में बालक वर्ग में आकिब मलिक और बालिका वर्ग में वंशिका आर्या ने खिताब जीता। प्रतियोगिता में 20 से अधिक स्कूलों के करीब 400 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
बृहस्पतिवार को रामगंगा विहार स्थित आरएसडी स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ आरएसडी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन डॉ. विनोद कुमार और फाइनेंशियल डायरेक्टर डॉ. अजय शर्मा ने किया। इस दौरान आर्म रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव शाहवेज अली मौजूद रहे। प्रतियोगिता अंडर-12, अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, सीनियर और सब-जूनियर वर्ग में बालक एवं बालिकाओं के लिए आयोजित की गई।
प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण चैंपियन ऑफ चैंपियंस (सीओसी) के मुकाबले रहे। इनमें बालिका वर्ग में वंशिका आर्या और बालक वर्ग में आकिब मलिक ने जीत दर्ज की। दोनों खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. अनंत राणा ने आरएसडी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन डॉ. विनोद कुमार, वाइस चेयरमैन डॉ. जी. कुमार, डॉ. गौरव कुमार, डॉ. गरिमा शर्मा और डॉ. अजय शर्मा के साथ विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता को संपन्न कराने में निर्णायक मोहम्मद मॉरिस, शुभांग सिंह, शौर्य धारीवाल, आदित्य माथुर, आर्यन सिंह, शिव कुमार, चिराग राजपूत ने भूमिका निभाई। आयोजन मंडल में मोहित चौधरी, अफजाल हुसैन, मयंक कश्यप आदि मौजूद रहे।