मुरादाबाद। मूंढापांडे के अक्का डिलारी गांव में पूर्व प्रधान के घर हथियार के बल पर पांच-छह बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर पूर्व प्रधान की मां (79) को गोली मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। घर से बदमाश 20 हजार की नकदी और करीब चार-पांच लाख के जेवर लूटकर भाग गए। गांव में छह अन्य घरों को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई लेकिन वारदात करने में बदमाश सफल नहीं हो सके। जाग होने पर बदमाश गांव से भाग गए। डकैती की शिकायत पुलिस से की गई है।
अक्का डिलारी गांव में रहने वाले पूर्व फौजी स्व. महेंद्र सिंह के दोनों बेटों नरेश और राकेश का परिवार पड़ोस में ही स्थित अलग अलग घरों में रहता है। पुराने घर में महेंद्र की पत्नी मालती अकेली रहती हैं। तीन साल पहले उनके छोटे बेटे पूर्व प्रधान राकेश की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मालती ने बताया कि वह रात को बरामदे में सो रही थी। आधी रात को अचानक खटपट की आवाज हुई तो उनकी नींद खुल गई। तभी पलंग के पास ही खडे़ दो बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया। उनको आंख बंद कर चुप होकर लेट जाने के लिए कहा। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। उनके कानों से सोने के कुंडल, हाथों से कंगन उतरवा लिए। इस दौरान उनके अन्य दो-तीन साथी कमरे में घुस गए और संदूक का ताला तोड़कर नकदी और जेवर लूट लिए। जीने के रास्ते बदमाश छत पर चढे़ और आसपास के छह अन्य घरों में वारदात की कोशिश की। एक घर में ग्रिल तोड़ दी, अन्य घरों में छतों के दरवाजे बंद होेने के कारण बदमाश वारदात को अंजाम देने में असफल रहे। इस दौरान गांव में जाग होेने पर बदमाश मौके से भाग निकले। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। शनिवार सुबह एसएचओ मूंढापांडे शक्ति सिंह और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। वारदात के जल्द खुलासे का आश्वासन दिया गया है। देर शाम तक इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। एसएचओ शक्ति सिंह का कहना है कि मामला लूट का है, डकैती का नहीं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। एएसपी दीपक कुमार का कहना है कि वारदात के खुलासे में पुलिस की टीम लगी है, जल्द खुलासा किया जाएगा।
डकैती डाली फिर मिठाई भी खाई
मुरादाबाद। मालती ने बताया कि बदमाशों ने पहले उनके घर में डकैती की वारदात की। इसके बाद घर में रखी दिवाली की मिठाई भी खाई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश भाग गए। परिवार ने अंदेशा जताया है कि वारदात में शामिल बदमाश गांव के ही हो सकते हैं, क्योंकि उनको यह जानकारी थी कि घर में मालती अकेली रहती हैं। वे उस कमरे में भी नहीं गए, जिसमें पूर्व प्रधान का परिवार रहता था। क्योंकि बदमाशों को इसकी जानकारी थी कि पूर्व प्रधान का परिवार अब दूसरे घर में रहता है। ऐसे में उस कमरे में उनको कुछ नहीं मिलने वाला है।
परिवार को कमरे में बंद कर उड़ाए नकदी, जेवर
मुरादाबाद। अक्का डिलारी गांव के मझरा में ही प्रीतम का परिवार रहता है। परिवार में पत्नी गीता, दो बच्चों आरुषि और अक्षांश हैं। रात को वह पूरे परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इस दौरान ही छत के रास्ते से ही बदमाश घर में घुसे और उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। दूसरे कमरे में रखे छह हजार रुपये और जेवर चोरी कर बदमाश भाग गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो चोरी का पता चला। इस संबंध में भी पुलिस से शिकायत की गई है, लेकिन देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।