मुरादाबाद। शहर के लाइनपार इलाके में सीएम ग्रिड का काम धीमी गति से चल रहा है। मझोला रोड, मानसरोवर कॉलोनी रोड, रामलीला मैदान रोड उखड़ी पड़ी है। पिछले एक साल से लोग परेशान हैं। इस समस्या पर नवागत नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने संज्ञान लिया है। उनका कहना है कि सीएम ग्रिड का काम कर रही एजेंसी को पहले ही सख्त निर्देश जारी हो चुके हैं। यह कार्य दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद मानसरोवर कॉलोनी से रामलीला मैदान तक की सड़क का काम तेजी से होगा। दोनों कार्य तय समय में पूरे कराए जाएंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि बुद्धि विहार में भी सीएम ग्रिड के तहत सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इसे भी समय से पूरा करने के लिए एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं।