कांठ(अमरोहा)। छजलैट क्षेत्र में गांव कुचावली गांव के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सामने से आ रही कार में टक्कर मार दी। इस हादसे में कार चला रहे इंजीनियर शुभम की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी आकांक्षा और 13 माह की बेटी अक्षु घायल हो गईं। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। जिससे कई यात्री भी चोटिल हो गए।
रामपु्र जनपद के मोहल्ला पुराना गंज निवासी शुभम अग्रवाल (35) पुत्र संजय अग्रवाल नोएडा की एक निजी कंपनी में इंजीनियर थे। उनकी पत्नी आकांक्षा भी उसी कंपनी में काम करती हैं। रविवार सुबह करीब आठ बजे शुभम नोएडा से पत्नी आकांक्षा और 13 माह की बेटी अक्षु के साथ छजलैट थाना क्षेत्र के गांव कूरी रवाना अपनी ससुराल आ रहे थे।
छजलैट क्षेत्र में गांव कुचावली में चौधरी दून ढाबा के पास बिजनौर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे इंजीनियर शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और बेटी घायल हो गईं। दोनों को एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। उधर में बस में सवार कई यात्री भी घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर छजलैट थानाध्यक्ष दीपक मलिक ने शुभम का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जेसीबी की मदद से बस और कार को मौके से हटवाया। हादसे की जानकारी होते ही कूरी रवाना से भी शुभम के ससुराल वाले मौके पर पहुंच गए। ससुर अवनीश कुमार गुप्ता ने बस चालक के खिलाफ छजलैट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।