बिलारी। सोमवार दिन भर बारिश होने से बिलारी क्षेत्र में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। सड़कें और तहसील अधिकारियों के आवास तक जाने वाली सड़क भी पानी में डूब गई।
सहसपुर में कई घंटे तक मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर जलभराव रहा। इससे राहगीरों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। नगर पालिका परिषद बिलारी के सार्थक प्रयासों के बावजूद नगर में बारिश के मौसम में कई सड़कों पर जलभराव हो जाने की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
सोमवार सुबह तेज बारिश होते ही बिलारी नगर में नई सड़क का इलाका, पुराना डाकखाना रोड, हर्षनगर और महाजनान की कई सड़कें पानी में डूब गईं।
तहसील परिसर में राष्ट्रीय राजमार्ग से एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के आवासों को जाने वाली सड़क पानी में डूबी रही बाद में डीजल पंप चलाकर सड़क पर भरा पानी निकाला गया।
तहसील परिसर में एसडीएम और तहसीलदार की अदालत के सामने तथा तहसील सभागार के सामने दिनभर पानी भरा रहा। नगर का सराफा बाजार और अन्य व्यापारिक कारोबार भी सोमवार शाम दिन छिपने से पहले ही बंद हो गया।