कुंदरकी। रविवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई। सोमवार को दिनभर बारिश के दौरान नगर में अधिकांश सड़कें पानी में डूबी रहने से तालाब जैसी नजर आईं। वहीं जल निकासी नहीं होने से राहगीर सड़कों पर भरे पानी से होकर ही गुजरने को मजबूर हुए।
हालात ये रहे नालों की गंदगी और कीचड़ पसर गई जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। नगर में पैंठ बाजार रोड पर जमा बारिश का पानी से लोगों के घरों और दुकानों में भी घुस गया। साथ ही मोहल्ला नूरूल्ला में भी बाशिंदे जलभराव की समस्या जूझ रहे हैं क्योंकि यहां पर कुंडा तालाब ओवरफ्लो होने से गंदा पानी गली-कूचों में जमा है और लोगों के घरों में घुस गया है। परेशान लोगों का कहना था कि बरसात से जीना मुहाल है लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं कराया जा रहा है। वहीं नगर के गुलड़ तिराहा, रेलवे अंडरपासों के नीचे, लाइनपार आदि में भी जलभराव होने से लोग परेशानी हैं लेकिन जिम्मेदार स्थाई समाधान नहीं करा रहे हैं।