मुरादाबाद। नगर निगम बोर्ड की बैठक में 430.64 करोड़ का बजट ध्वनिमत से पास किया गया। शहर की खस्ताहाल सड़कों के सुधार व निर्माण पर 53 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हालांकि इन खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत का काम वर्षाकाल के बाद होगा।
टाउनहाल स्थित सभागार में मेयर विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में शनिवार छह घंटे तक चली बैठक में सदन ने वर्ष 2022-23 के लिए प्रस्तावित 430.64 करोड़ के बजट को ध्वनिमत से पास कर दिया गया। बैठक में मुख्य रूप से सीवर लाइन बिछाने के हुए काम के बाद शहर की खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा उठा। महापौर ने बताया कि शहर की सड़कों के निर्माण व मरम्मत के लिए 53 करोड़ रखा गया है। करीब दस करोड़ रुपये शहर की पेयजल व्यवस्था पर खर्च किए जाएंगे। पथ प्रकाश पर सात करोड़ रुपये तथा नाले-नालियों के निर्माण पर 2.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।