फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: दुर्गानगर की सड़कें बदहाल, कई गलियों में नालियां तक नहीं

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। लाइनपार स्थित दुर्गानगर में विकास के दावों की हकीकत जर्जर सड़कें और अधूरी गलियां बयां कर रही हैं। यहां कई परिवारों को बसे हुए 10 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज तक कई गलियों में न सड़क बनी और न ही नालियों का निर्माण हो सका। बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं। हल्की बारिश होते ही गलियों में पानी भर जाता है और नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। इससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिले। टूटी सड़कों पर आए दिन दोपहिया वाहन फिसलकर गिर जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों व बुजुर्गों को होती है। कई गलियां इतनी नीची हैं कि बारिश का पानी घंटों तक जमा रहता है। कॉलोनी की एक और बड़ी समस्या मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनें हैं।
लोगों का कहना है कि इन तारों के कारण हमेशा हादसे का डर बना रहता है। बरसात के दौरान खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने सड़क, नाली और बिजली लाइन हटाने की मांग कई बार उठाई, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। लोगों का कहना है कि यदि जल्द मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह का कहना है कि लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
विज्ञापन


लोगों के कोट्स
यहां पर दस साल से रहते हैं, लेकिन आत तक हमारी गली में सड़क और नाली नहीं बनी है। बारिश में घर के बाहर पानी भर जाता है। कई बार शिकायत की, लेकिन अधिकारियों ने सिर्फ आश्वासन दिया, समस्या जस की तस बनी हुई है। -विजय


बरसात में बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो जाता है। गंदा पानी घर के बाहर जमा रहता है। मच्छर बढ़ जाते हैं और बीमारी फैलने का डर बना रहता है। हमारी सबसे बड़ी मांग पक्की सड़क और नाली का निर्माण है। -सुनील


कॉलोनी के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। तेज हवा और बारिश में हमेशा डर लगा रहता है कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। बिजली विभाग को लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट करना चाहिए ताकि लोगों सुरक्षित रहे। -आशा


टूटी सड़क के कारण बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। दोपहिया वाहन फिसल जाते हैं। चुनाव के समय सभी जनप्रतिनिधि वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद कोई हमारी सुध लेने नहीं आता। - सीमा


नगर निगम में कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। नालियां नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। इससे पूरे इलाके में गंदगी और बदबू फैली रहती है। - अनीता सिंह


टैक्स देने के बाद भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। सड़क, नाली और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश में परेशानी झेलनी पड़ती है। प्रशासन को अब केवल आश्वासन नहीं, जमीन पर काम दिखाना चाहिए। - दीपक
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें