मुरादाबाद। अनुबंध के छह महीने बाद भी सड़क नहीं बनाए जाने पर ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी गई है। सड़क का निर्माण 12 अप्रैल 2026 तक पूरा करना था।
बिलारी ब्लाॅक के गांव स्योंडारा में सीसी रोड के लिए जिला पंचायत की ओर से 13 अक्तूबर 2025 को मैसर्स कादरी कांस्ट्रक्शन के स्वामी मोहम्मद आरिफ को कार्य आवंटित किया गया था। अनुबंध के मुताबिक 12 अप्रैल 2026 तक निर्माण पूरा करना था। क्षेत्रीय अवर अभियंता के मुताबिक ठेकेदार की ओर से न कार्य शुरू किया गया और न ही कार्य शुरू करने का कोई संतोषजनक प्रयास किया गया।
इस मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. शैफाली सिंह ने बताया कि अपर मुख्य अधिकारी की ओर ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है। साथ ही संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।