मुरादाबाद। पीलीकोठी से फव्वारा चौक तक ट्रेंचलेस विधि से लॉकडाउन में ढील के दौरान बिछाई गई सीवर लाइन के चलते सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस सड़क का निर्माण 29 जनवरी से शुरू होगा। जिसके चलते 29 जनवरी की रात 11 बजे से 30 जनवरी की सुबह छह बजे तक संबंधित मार्ग के वाहनों को रूट डायवर्ट कर निकाला जाएगा।
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक यातायात अशोक कुमार ने देते हुए बताया कि फव्वारा तिराहा से पीलीकोठी की तरफ जाने वाले दो पहिया, तीन पहिया एवं चार पहिया छोटे वाहन फव्वारा तिराहा से पीलीकोठी होते हुए जाएंगे। पीलीकोठी से फव्वारा तिराहा की तरफ जाने वाले दो पहिया, तीन पहिया व चार पहिया छोटे वाहन गुरहट्टी से ताड़ीखाना होते हुए जाएंगे। बिजनौर, हरिद्वार से मुरादाबाद आने वाली रोडवेज बसें किला तिराहा तक आएंगी और उसी रूट से वापस जाएंगी। बिजनौर, हरिद्वार से रामपुर, बरेली जाने वाले भारी वाहन व रोडवेज बसें शेरुआ चौराहा से टीएमयू होते हुए बाईपास के रास्ते जाएंगे व उसी रूट से वापस आएंगे। बिजनौर, हरिद्वार से काशीपुर, ठाकुद्वारा की तरफ जाने वाले भारी वाहन रोडवेज बसें कोठीवाल डेंटल कॉलेज मोड़ होते हुए जाएंगे एवं उसी रूट से वापस आएंगे।