फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईवे पर कील फेंककर कार के टायर में किया पंक्चर, चावल कारोबारी की नकदी-लैपटॉप चुराए

Wed, 02 Sep 2020 01:54 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
विज्ञापन
पंक्चर (प्रतीकात्मक)
विज्ञापन

वही थाना क्षेत्र और चौकी क्षेत्र भी वही। गैंग भी वही पर पुलिस के पास इस गैंग का कोई तोड़ नहीं। मात्र सात दिन के भीतर ही कील गैंग ने एक और व्यापारी को शिकार बना लिया। पिछली घटना से मात्र तीन किमी की दूरी पर स्थित गांगन तिराहे के पास बदमाशों ने सड़क पर कील फेंक कर एक चावल कारोबारी की कार के टायर में पंक्चर कर दिया और कार से दो बैग, लैपटॉप समेत 97 हजार रुपये उड़ा दिए। वारदात पेट्रोल पंप लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

विज्ञापन


मझोला थानाक्षेत्र के नया मुरादाबाद सेक्टर 13 सी निवासी जितेंद्र सिंह चावल निर्यात का कारोबार करते हैं। इनका दफ्तर गाजियाबाद में भी है। कारोबारी ने बताया कि सोमवार को वह गाजियाबाद से किसी कार्य से मुरादाबाद आए थे। काम निपटाने के बाद वह गाजियाबाद जा रहे थे। मझोला क्षेत्र में गांगन तिराहे के पास उनकी एक्सयूवी गाड़ी के टायर में अचानक हवा कम हो गई।

जितेंद्र ने कार रोक कर टायर चेक किया तो हवा कम दिखी। अचानक उनके पास दो युवक पहुंचे और उन्होंने बताया कि सामने पंक्चर की दुकान है। इस पर कारोबारी ने कार पेट्रोल पंप के पास पंक्चर जोड़ने की दुकान पर खड़ी कर दी। वह कार से उतरकर दूसरी साइड में जाकर खड़े हो गए। मिस्त्री ने टायर चेक किया तो पता चला कि कील से पंक्चर हुआ था।
विज्ञापन


पंक्चर जुड़वाने के बाद वह कार में बैठे तो दूसरी साइड का दरवाजा खुला था, जबकि कार से दो बैग और पर्स भी गायब था। उन्होंने दुकानदार और दुकान पर काम करने वाले युवकों से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई। जिससे पता चला कि दो युवक दूसरी साइड से आए और दरवाजा खोलकर बैग व पर्स निकाल कर ले गए। जितेंद्र ने बताया कि पर्स में 97 हजार रुपये की नकदी, लैपटॉप, हाथ घड़ी, समेत अन्य सामान था। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

चौबीस अगस्त को जेई के साथ की थी वारदात
चौबीस अगस्त की रात एलडीए के अवर अभियंता लखनऊ से मेरठ अपने घर लौट रहे थे। मझोला क्षेत्र में कील गिरोह के सदस्यों ने यहां से लगभग तीन किमी दूर जीरो प्वाइंट के पास हाईवे पर कील फेंक कर उनकी कार के टायर में पंक्चर कर दिया था। इसके बाद बदमाश मदद करने के बहाने अवर अभियंता के पास पहुंचे थे और उन्हें बेहोश कर 88 हजार रुपये व कपड़े लूटकर फरार हो गए थे।

एक ही चौकी क्षेत्र का मामला, कील गैंग मस्त, पुलिस पस्त
दोनों ही वारदात लाकड़ी फाजलपुर चौकी क्षेत्र की हैं। पुरानी वारदात की तफ्तीश भी चौकी इंचार्ज ललित चौधरी कर रहे हैं। उसमें तो अभी बदमाशों का पता नहीं चला कि एक घटना और हो गई। यदि पहली वारदात के बदमाश पकड़े जाते तो शायद यह दूसरी वारदात न होती पर पुलिस पस्त पड़ी है और यह गैंग खुलकर वारदात कर रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें