मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित कार शोरूम के सुरक्षा गार्ड की हत्या पूर्व गार्ड ने अपनी लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर की थी। पुलिस ने आरोपी सुरेश शर्मा और उसके एक साथी गार्ड ऋषिपाल को गिरफ्तार कर सनसनीखेज शाकिर हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी ने पूछताछ में कबूला है कि चौदह माह पहले कार शोरूम में उसके साथ मारपीट हुई थी। उसे शक था कि शाकिर के इशारे पर ही उसके साथ मारपीट की गई। वह चौदह माह से वह बदला लेने की फिराक में था। बुधवार की दोपहर को दो बजकर 50 मिनट पर उसे मौका मिला तो उसने गोली मारकर सुरक्षा कर्मी की हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने गुरुवार की दोपहर को मझोला थाने में शाकिर हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली रोड स्थित आकांक्षा मारुति सुजुकी कार शोरूम में बुधवार को सुरक्षा गार्ड शाकिर निवासी भोला सिंह की मिलक थाना मझोला की पीठ में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। शोरूम के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में शोरूम में पूर्व में नौकरी कर चुके गार्ड सुरेश शर्मा निवासी बीरमपुर थाना बिलारी हाल निवासी एकता कालोनी थाना मझोला की तस्वीरें देखीं गईं। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी सुरेश शर्मा कार शोरूम में चौदह माह पहले तक सिक्योरिटी कंपनी की ओर से सुरक्षा गार्ड के तौर पर नौकरी करता था। आरोपी ने कबूला है कि कंपनी सुपरवाइजर से वेतन के रुपयों को लेकर उसका विवाद हुआ था। बारह जून 2019 की रात करीब साढ़े आठ बजे कुछ लोग शोरूम पहुंचे और उन्होंने उससे फायरिंग करने के लिए रायफल मांगी थी, लेकिन उसने रायफल देने से इनकार दिया था। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिसमें वह घायल हो गया था। कई दिन तक वह अस्पताल में भर्ती रहा था। आरोपी ने कबूला है कि उसे शक था कि शाकिर ने उस पर हमला कराया था। इस इस घटना के बाद उसकी नौकरी भी चली गई थी। उसने बताया कि करीब एक माह पहले उसे कार शोरूम के नजदीक ही पार्थ ओवरसीज फैक्टरी में वह गार्ड के तौर पर नौकरी मिल गई थी। मंगलवार रात वह पहले फैक्टरी के एक गार्ड के साथ चाय पीने के बहाने कार शोरूम के पास घूमने आया। इस दौरान उसने पूरी रेकी की। इसके बाद वापस चला गया। दोबारा दूसरे गार्ड ऋषिपाल निवासी ईसापुर मुडिया थाना बिलारी हाल निवासी प्रीतमनगर थाना मझोला के साथ पैदल ही घूमने आया और मौका देखकर दीवार के बराबर में सो रहे शाकिर की पीठ में गोली मार दी। इसके बाद दोनों आरोपी वापस फैक्टरी चले गए थे। एएसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि कि आरोपी सुरेश की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रायफल बरामद कर ली है। उसके साथी ऋषिपाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को गुरुवार की शाम को अदालत में पेश किया गया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।