मुरादाबाद। आईजी बंगले के पीछे गौतम नगर में चोरों ने सेवा निवृत्त दरोगा के घर से नकदी और सोने चांदी के जेवर समेत पंद्रह लाख रुपये का सामान बटोर लिया। घटना के परिवार के सभी लोग सहारनपुर स्थित अपने पैतृक गांव में गए थे। पड़ोसियों ने जाल टूटा देखा तो घटना की जानकारी हो सकी। सूचना मिलने पर पुलिस अफसरों ने मौका मुआयना किया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त बिशन सिंह मूलरूप से सहारनपुर के गांव बेहटा निवासी हैं। वह बरेली से सेवानिवृत्त हुए थे। इससे पहले मुरादाबाद में तैनाती थी। उसी वक्त बिशन सिंह ने सिविल लाइंस थानाक्षेत्र स्थित गौतम नगर गली नंबर सात में अपना मकान बनवा लिया था। बिशन सिंह यहां पत्नी मूर्ति देवी और छोटे बेटे आलोक सिंह के साथ रहते हैं, जबकि बड़े बेटे विनोद सिंह देहरादून में परिवार के साथ रहते हैं। बिशन सिंह ने बताया कि 11 जनवरी को वह पत्नी और छोटे बेटे के साथ सहारनपुर गए थे। शुक्रवार को पड़ोसी ने बिशन सिंह के मकान का जाल टूटा देखा तो उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाकर आलोक को व्हाट्सएप किया। इसके बाद परिजन घर लौट आए। यहां आकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। जबकि अलमारी से करीब बीस हजार रुपये की नकदी और 25 तोले सोने के जेवर और ढाई किलो चांदी चोरी हो चुकी थी। बिशन सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने छोटे बेटे की शादी के लिए जेवर खरीदकर रखे थे। जबकि कुछ जेवर बड़े बेटे की पत्नी और बेटी के रखे थे। घर में चोरी की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। खबर मिलते ही देर रात एसपी सिटी अमित आनंद और एएसपी अनिल यादव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौका मुआयना किया। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच पड़ताल भी कराई। थाना प्रभारी दर्वेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश की जा रही है।
-------------------
बड़े बेटे देहरादून में एसबीआई में मैनेजर
मुरादाबाद। बिशन सिंह के बड़े बेटे विनोद सिंह देहरादून में एसबीआई में डेवलेपमेंट मैनेजर के पद पर तैनात हैं। विनोद परिवार के साथ देहरादून में ही रहते हैं। घर में चोरी होने की जानकारी मिलने पर विनोद भी मुरादाबाद पहुंच गए। उन्होंने बताया कि चोरों ने घर से केवल नकदी और जेवर भी चोरी किए हैं। इसके अलावा घर में रखी एलसीडी, कंप्यूटर और अन्य किसी सामान को हाथ तक नहीं लगाया।
---------------------------
चोरी की घटना सिविल लाइंस के गौतमन गर में हुई है। घटना के समय परिवार बाहर गया था। पड़ोसियों की सूचना पर परिवार के लोग घर लौटे हैं। केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए टीम लगा दी गई है।
अमित कुमार आनंद, पुलिस अधीक्षक नगर
---------------------------------
ईंटें के सहारे छत पर पहुंचे और जाल तोड़कर अंदर घुसे
मुरादाबाद। बिशन सिंह के मकान के बराबर में सड़क पर ईंटों रखी हैं। चोर इन ईंटों के सहारे छत पर पहुंचे और इसके बाद जाल तोड़कर अंदर घुस गए। चोरी की इस घटना में किसी ऐसे शख्स के शामिल होने का शक है जिसे कमरों और घर में रखे सामान की पूरी जानकारी है। साथ ही यह भी पता हो कि पूरा परिवार बाहर गया है। घर के अंदर कमरे में एक ऐसी खिड़की लगी है जिसके बारे में बहुत कम लोगों को ही जानकारी है। बिशन सिंह ने बताया कि वह खुद भी कभी इस खिड़की को नहीं खोलते हैं। उसका गेट भी स्लाइडर है। इस खिड़की को खोलकर चोर भीतर के कमरे में घुस गए।
चाय पत्ती वाले को दी थी फोन पर जानकारी
मुरादाबाद। बिशन सिंह ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन चाय पत्ती का ऑर्डर बुक किया था। जब परिवार के लोग सहारनपुर पहुंच गए तो एक व्यक्ति की कॉल बिशन सिंह के मोबाइल पर पहुंची थी। उसने बिशन सिंह से बताया था कि उनकी चाय पत्ती आई है। उसने यह भी पूछा था कि कब तक वापस आएंगे। उसे ही बताया था कि तीन चार दिन में वापस आएंगे। हो सकता है कि दोनों के बीच चल रही बातचीत किसी अन्य व्यक्ति ने सुन ली हो या उसी का इस वारदात से कोई लिंक हो।