पत्नी को फंसाने के लिए अपने ऊपर कातिलाना हमले की स्क्रिप्ट लिख चुके इनवर्टर कारोबारी पर अब पत्नी को धमकाने का आरोप लगा है। इनवर्टर कारोबारी संजीव सरीन की पत्नी बरखा सरीन ने पुलिस अफसरों से गुहार लगाई है कि उनका पति उन्हें मुकदमे वापस लेेने और मकान उसके नाम ट्रांसफर करने के लिए धमका रहा है।
अफसरों में अपनी पहुंच की धौंस देकर झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी जा रही है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में वेव ग्रीन कालोनी निवासी कारोबारी संजीव सरन उर्फ सोनू का पत्नी बरखा सरीन से विवाद चल रहा है। बरखा ने पति के ऊपर कई केस कर रखे हैं। 21 नवंबर को संजीव सरीन उर्फ सोनू ने कटघर थाने में अपनी पत्नी बरखा सरीन, ससुर विनय मेहरोत्रा निवासी नवीन नगर, सास बबीता मेहरोत्रा और साले करन मेहरोत्रा के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज कराई थी।
लेकिन पुलिस छानबीन में पुलिस को पता चला है कि घटना हुई नहीं बल्कि बनाई गई थी। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए फारेंसिक साक्ष्य जुटा रही है। विभागीय पड़ताल में यह उजागर हुआ है कि कारोबारी ने केस बनाने के लिए पहले एक दरोगा से पेशकश की थी लेकिन तब दरोगा ने इंकार कर दिया था।
इस बीच बरखा ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है कि उनका पति अपनी पहुंच की धौंस देकर उन पर दबाव बना रहा है कि सभी मुकदमे वापस नहीं लिए और मकान उसके नाम ट्रांसफर नहीं किया तो फर्जी मुकदमों में जेल भिजवा देगा। बरखा का कहना है कि पति ने उनके चरित्र पर कीचड़ उछालने की कोशिश की है जिस मामले में वह कोर्ट और महिला आयोग का दरवाजा खटखटाएंगी।