बिलारी। ब्लॉक के मोहम्मद सादिकपुर गांव के जंगल में एक किसान द्वारा अपने खेत में धान की पराली जलाने पर उससे जुर्माना वसूलने के लिए कृषि विभाग ने राजस्व विभाग को रिपोर्ट भेजी है। कृषि विभाग बिलारी के सहायक तकनीकि प्रबंधक महेंद्रपाल सिंह की ओर से कृषि विभाग और राजस्व विभाग के उचाधिकारियों को भेजी गई जांच रिपोर्ट में कहा है कि बुधवार की शाम बिलारी कार्यालय में सूचना मिलने के बाद बृहस्पतिवार सुबह मोहम्मद सादिकपुर गांव के जंगल में जाकर जांच की गई। यहां पता चला कि बृजमोहन और मुकेश दोनों सगे भाईयों ने अपने खेत में पड़ी हुई धान की पराली को जला दिया। खेत के रकबे के अनुसार संबंधित किसानों से पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूले जाने के लिए हल्का लेखपाल को रिपोर्ट भेज दी गई है। एडीओ कृषि मोहित सिंह ने भी कृषि विभाग के कर्मचारियों द्वारा रिपोर्ट भेजे जाने की पुष्टि की है।