कांठ। ग्रामीण की शिकायत पर कांठ पुलिस ने गांव पैगम्बरपुर के ग्राम प्रधान नरेश और पंचायत सचिव अनुज कुमार के खिलाफ गाली-गलौज करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
मामला विकास खंड छजलैट की ग्राम पंचायत व कांठ थाना क्षेत्र के गांव पैगम्बरपुर का है। यहां रहने वाले ग्रामीण सुभाष का कहना है कि उसने खंड विकास अधिकारी छजलैट से सूचना का अधिकारी अधिनियम (आरटीआई) के अंतर्गत मांगी गई सूचना के संबंध में कागज मांगें थे। आरोप है कि इसी को लेकर पैगम्बरपुर के ग्राम प्रधान नरेश और ग्राम पंचायत सचिव अनुज कुमार निवासी नौराइन थाना अमरोहा देहात ने उसके साथ गाली-गलौज की। साथ ही उसे जान से मारने की भी धमकी दी।
बृहस्पतिवार को पीड़ित सुभाष ने कांठ पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करते हुए विवेचना शुरू कर दी है।