मुरादाबाद। घूस लेने के आरोप में जेल गए सहायक आयुक्त औषधि के मामले में शासन को रिपोर्ट भेजी गई है, लेकिन शासन से अभी निलंबन रिपोर्ट मंडलायुक्त को नहीं मिली है।
बरेली सतर्कता विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त औषधि मनु शंकर को मंडलीय कार्यालय में बृहस्पतिवार की दोपहर 15 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान टीम ने कार्यालय से एक लाख 30 हजार रुपये बरामद किया था। सतर्कता विभाग की टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि सहायक आयुक्त औषधि मनु शंकर ने एक मेडिकल स्टोर का लाइसेंस देने के एवज में 35 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।
उन्होंने दो किश्तों में पैसे देने के लिए कहा था। पहली किश्त में 15 हजार और दूसरी किश्त में 20 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। शिकायतकर्ता ने घूस की रकम तय करने के बाद सतर्कता विभाग के एसपी बरेली से इस मामले में शिकायत की थी। इसके बाद सतर्कता विभाग की टीम ने रणनीति के तहत सहायक आयुक्त को गिरफ्तार किया। टीम ने सहायक आयुक्त औषधि को बरेली स्थित भ्रष्टाचार निवारण की विशेष अदालत के समक्ष पेश किया।
अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। इस बारे में मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि किसी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी के 24 घंटे तक गिरफ्तार होने पर नियमानुसार उसे निलंबित माना जाता है। शासन ने इस मामले में अभी निलंबन रिपोर्ट नहीं भेजी है। संभावना है कि शीघ्र रिपोर्ट आएगी।