ठाकुरद्वारा। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ एक छात्र पर रंजिशन उसके कमरे में घुस कर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार जिला बिजनौर के थाना शेरकोट के गांव सराय सहाय वाला निवासी रचित कुमार ने कोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि वह ठाकुरद्वारा नगर के होलिका मंदिर मोहल्ले में किराये के कमरे में रहकर कोचिंग की तैयारी कर रहा है। आरोप है कि उसके पड़ोस में शेरकोट के गांव जमालपुर निवासी सुशील कुमार और लकी भी रहते हैं। जो उससे रंजिश रखते हैं। 25 जून 2024 को रात 10 बजे सुशील कुमार, लकी अपने साथी मोहन गौतम, दिव्यांशु और राजन के साथ उसके कमरे में खड़े होकर गालियां देने लगे। उसने अपने कमरे का दरवाजा खोला तो वे अंदर घुस आए और उस पर हॉकी, चाकू और डंडे से जानलेवा हमला बोल दिया। उसे बुरी तरह मारा पीटा। शोर मचाने पर आसपास के कुछ लोग वहां पर आ गए। जिस पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। उसने पुलिस को 26 जून को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। इस पर रचित कुमार ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।