गजरौला (अमरोहा)। इलाज के दौरान हसनपुर के मकनपुर शुमाली निवासी अनीता की मौत और उसके बाद परिजनों द्वारा हंगामा करने पर जागे स्वास्थ्य विभाग ने हसन नर्सिंग होम के संचालक डा.सद्दाम सहित दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डा.विनोद त्रिवेदी ने दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक कुमराला चौकी पक्के पुल के निकट हसन नर्सिंग होम है। जिसमें सोमवार की रात हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मकनपुर निवासी अमित की पत्नी अनीता को इलाज के लिए भर्ती कराया गया। रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को वह और डा.शरत कुमार नर्सिंग होम की जांच करने पहुंचे। जांच में पाया गया कि नर्सिंग होम का पंजीकरण नहीं है। इसके अलावा संचालक डाॅ.सद्दाम व डाॅ.रिहाना से शैक्षिक प्रमाण पत्र आदि मुहैया कराने को नोटिस जारी किया, मगर उपलब्ध नहीं कराए। वहीं बिना पंजीकरण नर्सिंग होम संचालन इंडियन मेडिकल काउंसिल के नियम के विरुद्ध आता है। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।