मंडी धनौरा (अमरोहा)। ऑनलाइन घोषणा पत्र जमा नहीं करने वाले किसानों का आगामी पेराई सत्र में सट्टा संचालित नहीं होगा। गन्ना सर्वेक्षण का कार्य 15 अप्रैल से शुरू होकर 15 जून तक चलेगा। यह जानकारी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक हरिमोहन ने दी है। वह वेव इंडस्ट्रीज के सभागार में चीनी मिल के गन्ना विभाग, गन्ना परिषद व गन्ना सहकारी समिति के अधिकारियों व कर्मचारियों की संयुक्त बैठक में बोल रहे थे।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ने बताया कि जो किसान अपना घोषणा पत्र आनलाइन जमा नहीं करेंगे। आगामी पेराई सत्र में उनका सट्टा संचालित नहीं होगा। उन्होंने सर्वेक्षण का कार्य करने वाले कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे भू राजस्व अभिलेेखों में दर्ज गाटा संख्या का मिलान कर लें। किसानों से अपील की गई कि वे अपना भू राजस्व अभिलेख गन्ना विकास परिषद में जमा करा दें। नए सदस्य बनाने की प्रक्रिया 30 सितंबर तक पूरी की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे घोषणा पत्र में सही जानकारी दर्ज कराएं ताकि सत्यापन के समय घोषणा सही पाई जाए। इस मौके पर सचिव यतेंद्र हल्दिया, गन्ना महाप्रबंधक जगतवीर सिंह, विकास तोमर, नेतराम सिंह आदि मौजूद थे।