भगतपुर। ग्राम लालपुर पुरोहित निवासी एक व्यक्ति ने 15 आरोपियों पर मारपीट व फायरिंग का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अफजाल हुसैन के अनुसार भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसवां गौड़ में उसकी जमीन है, जिस पर उसने टिनशेड डालकर औद्योगिक कार्य से संबंधित सामान रखा हुआ था। आरोप है कि 28 सितंबर 2025 को जब वह अपनी जमीन पर पहुंचा तो लोहे के गेट के ताले टूटे मिले थे व जानकारी करने पर पता चला कुछ आरोपियों ने सामान चोरी कर लिया। इसके बाद उसने तीन अक्तूबर को पुलिस से इसकी शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत करने से नाराज आरोपियों ने पांच अक्तूबर की शाम भगतपुर क्षेत्र के गोकलनगर के पास आम के बाग की पुलिया पर उसका रास्ता रोक लिया व उस पर तमंचे से फायर किया व इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी।
इस मामले में अफजाल हुसैन ने न्यायालय में आरोपियों के विरुद्ध प्रार्थना पत्र दिया था जहां से आदेश के बाद भगतपुर पुलिस ने आरोपी नन्हे, फुर्सत अली, असगर, मेहंदी हसन, निजाम, यासीन, हमजा, सुभान, इस्माईल, महमूद रजा, अय्यूब रजा, इरशाद रजा, आसिम, राशिद, नासिर सहित तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।