मुरादाबाद। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से भागने की कोशिश करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। युवक भागने समय गिरकर घायल हो गया था।
कटघर थानाक्षेत्र के करूला निवासी युवक को कोरोना आशंकित में जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। युवक ने यहां से 22 जुलाई की दोपहर आइसोलेशन वार्ड से चादर की रस्सी बनाकर भागने का प्रयास किया था। इस दौरान युवक खिड़की से गिरकर घायल हो गया था। वार्ड के बाहर तैनात पुलिस कर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया था। इसके बाद युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। बाद में युवक की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी नवल मारवाह ने बताया कि युवक के खिलाफ धारा 224,188 व 269 आईपीसी में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।