मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी के दौरे की खबर आते ही नगर निगम के अफसर शुक्रवार रात में ही शहर को चकाचक कराने में जुट गए, जिन रास्तों से सीएम को गुजरना था उन सड़कों की मरम्मत करा दी गई, लेकिन वहीं, शहर के दूसरे मार्ग की सड़कें सालों से टूटी हैं उस तरफ किसी का ध्यान नहीं गया।
सीएम के आने की खबर शुक्रवार रात को मिलते ही नगर निगम का अमला शहर को चकाचक करने में जुट गया था। पाश्वनार्थ प्लाजा के पास टूटी छोटी सी पुलिया को रात में ही दुरुस्त करा दिया गया। दिन निकलते ही सड़कों की मरम्मत शुरू हो गई। पीली कोठी चौराहा, आंबेडकर मार्ग से लेकर कमिश्नरी ,कचहरी रोड तक पूरी सड़क के गड्ढे भर दिए गए । वहीं, कचहरी रोड निवासी दीपचंद ने बताया कि एक साल से सड़क टूटी थी, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं था। सीएम के आते ही सड़क ठीक हो गई। गांगन से लेकर कचहरी तक 500 से ज्यादा सफाई कर्मी सड़कों की सफाई और सड़क किनारे की घास कटाने आदि काम में लगा दिए गए थे।
उधर शहर की लाइनपार क्षेत्र की सड़कों की हालत बेहद खस्ताहाल है। शर्मा जनरल स्टोर के पास सुबह साढे़ आठ बजे कूड़े का ढेर लगा था। मझोला हार्डवेयर के सामने से सड़क टूटी थी। गहरा गड्ढा था। कंपोजिट महाविद्यालय के सामने सड़क में कई गड्ढे थे। मंडी गेट के सामने तो सड़क इतनी टूटी है कि आए दिन यहां हादसे होते हैं। लोगों का कहना था कि सीएम के आने पर उनके गुजरने वाले रास्तों की सड़क कुछ ही घंटों में ठीक हो गई तो यहां भी ध्यान देना चाहिए।