कटघर के रहमतनगर में मंगलवार सुबह प्रापर्टी डीलर नासिर अनवर की हत्या
उसके ही किरायेदार नवी हसन उर्फ रहमान के भाई गुलवेज ने की थी। पुलिस ने
आरोपी गुलवेज को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
आरोपी ने अपना गुनाह कबूलते हुए बताया कि नासिर ने कमेटी के नाम पर उससे
लाखों रुपये ले लिए थे।
जब रकम मांगी तो वह जान से मारने की धमकी दे रहा
था। एसएसपी नितिन तिवारी ने गुरुवार दोपहर
हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मौके से सफेद रंग की एक
बाइक मिली थी। पता चला था कि बाइक कटघर के ताजपुर माफी निवासी गुलवेज पुत्र
राजा की है।
जबकि गुलवेज का भाई नवी हसन नासिर के मकान में जैकेट बनाने का
कारखाना चलाता है। पुलिस ने आरोपी गुलवेज को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की
तो उसने गुनाह कबूल लिया। उसने बताया कि नासिर ने कमेटी डालने का झांसा
देकर पांच लाख रुपये ले लिए थे। बार- बार तकादा करने के बाद भी वह रकम वापस
नहीं दे रहा था।
जब ज्यादा दबाव बनाया तो नासिर ने अपने मकान का बैनामा
कराने के नाम पर उससे डेढ़ लाख रुपये और ले लिए थे। तय समय पर नासिर ने
बैनामा भी नहीं कराया। जिसे लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ था।
सोमवार की रात वह अपने भाई के कारखाने में आकर छिप गया था।
मंगलवार सुबह
जैसे ही नासिर दुकान जाने के लिए मकान से बाहर निकला तो गुलवेज ने उसे अंदर
से ही गोली मार दी थी।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आला कत्ल भी बरामद
कर लिया है। गुलवेज ने बताया कि जब पुलिस
ने गुलवेज के परिवार बार के लोगों को उठाकर उन्हें तंग किया तो गुलवेज ने
बुधवार रात कटघर थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया था।
वहीं मकतूल नासिर अनवर के
भाई साजिद का कहना है कि उसके भाई की हत्या में किराएदार नवी हसन शुरू से
आखिर तक शामिल रहा है। लेकिन पुलिस ने किराएदार को बचा लिया है।