मुरादाबाद। स्कूलों के ऊपर या पास से गुजर रहीं बिजली लाइनों को लेकर अमर उजाला द्वारा चलाए गए अभियान का बड़ा असर सामने आया है। प्रशासन ने विद्यालयों से गुजर रहीं हाइटेंशन लाइनों एवं पास में रखे ट्रांसफार्मर को हटाने के निर्देश जारी किए हैं। इस मामले में जिला प्रशासन और विद्युत अधिकारियों के बीच 15 दिनों में विद्युत लाइनें शिफ्ट करने पर सहमति बनी है , ताकि बच्चों की सुरक्षा दी जा सके।
विकास भवन सभागार में सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने विद्युत विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जनपद के विद्यालयों से गुजर रही हाइटेंशन विद्युत लाइनों और विद्यालय परिसर स्थित ट्रांसफॉर्मरोंं को हटाने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई विद्यालयों की सूची में चिन्हित हाइटेंशन लाइनों एवं ट्रांसफॉर्मरों को हटाने की प्रक्रिया 15 दिवस के भीतर पूर्ण कराने पर सहमति बनी। सीडीओ ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए। ऐसे विद्यालय जो पूर्व में उपलब्ध कराई गई सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, उनका खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से फिर सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वे के दौरान विद्यालय परिसर एवं उसके आसपास से गुजर रहीं विद्युत लाइनों एवं ट्रांसफॉर्मरों की स्थिति का भौतिक सत्यापन करते हुए सूची तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूरा करें। बैठक में विद्युत विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद थे।