यूपी के संभल तहसील के गांव केमा में सोमवार को एक किसान के खेत में आलू की खोदाई के दौरान अलग आकृति का आलू मिला है। इस आलू में लोगों ने धार्मिक आकृति होने का दावा किया तो भीड़ जुट गई।
बाद में शहर के शंकर चौराहे पर स्थित श्री तुलसी मानस मंदिर में आलू को रखा गया। इस मंदिर के महंत शंकरलाल ने बताया कि जो आलू खोदाई में मिला है इसमें गणेश जी, शेषनाग, नंदी, मछली समेत 10-11 आकृति उभर रही हैं।
इसमें कई आकृतियां तो स्पष्ट दिख रही हैं। आगे कहा कि भगवान कल्कि का अवतरण संभल में होगा। एकादशी के दिन इस तरह की आकृति आलू में मिलना इस बात का संकेत है कि भगवान कल्कि जल्द अवतरित होंगे।
वहीं, दूसरी ओर इस आलू में आकृति दिखने की जानकारी के बाद लोग मंदिर पहुंचे और आलू को देखने के लिए उत्सुक नजर आए। दर्शन के लिए देर रात तक लोगों का आना जाना लगा रहा।