मुरादाबाद। रेलयात्रियों के लिए राहत की खबर है। एक जुलाई से मंडल में 10 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू हो रहा है। इसमें मुरादाबाद-सहारनपुर, गजरौला-नजीबाबाद, दिल्ली-बरेली समेत की महत्वपूर्ण पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। इससे अक्सर ट्रेनों द्वारा सफर करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। गौरतलब है कि इनमें से कई ट्रेनें रेलवे ने कोरोना की दूसरी लहर में बंद कर दी थीं।
अब यात्रियों की संख्या एक बार फिर बढ़ी है। इसे देखते हुए मंडल ने दोबारा पैसेंजर ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। जून माह में रेलवे ने 12 पैसेंजर ट्रेनों का प्रस्ताव भी तैयार किया था लेकिन शीर्ष स्तर पर इसे सहमति नहीं मिल पाई थी। अब मुरादाबाद मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को सहमति मिली है। आखिरकार रेलवे बोर्ड और जोनल मुख्यालय ने भी इसे हरी झंडी दे दी है। हालांकि मासिक टिकट पर यात्रा करने वाले लोगों को फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी। उन्हें प्रतिदिन टिकट खरीदकर ही सफर करना होगा। ट्रेनों में कम से कम किराया 30 रुपये रखा गया है। यानी निकटतम स्टेशन के लिए भी यात्रियों को तीस रुपये चुकाने होंगे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि बोर्ड की सहमति के आधार पर पैसेंजर ट्रेनों का किराया निर्धारित है। चूंकि वर्तमान में सभी ट्रेनें स्पेशल के रूप में चल रही हैं। इसलिए किराये में थोड़ा अंतर है।
रेल मंडल में शुरू होने वाली ट्रेनों का विवरण
गाड़ी संख्या कहां से कहां तक
04301 मुरादाबाद से सहारनपुर
04302 सहारनपुर से मुरादाबाद
04303 बरेली से दिल्ली
04304 दिल्ली से बरेली
04305 बालामऊ से शाहजहांपुर
04306 शाहजहांपुर से बालामऊ
04327 सीतापुर से कानपुर
04328 कानपुर से सीतापुर
04333 गजरौला से नजीबाबाद
04334 नजीबाबाद से गजरौला