मझोला के खुशहालपुर में रहने वाले एक युवक ने दहेज में 21 लाख रुपये और क्रेटा कार न मिलने पर सिपाही की बहन से रिश्ता तोड़ दिया। सिपाही ने आरोपी युवक और उसके परिवार छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
बागपत के सिंघावली अहीर निवासी तरुण यादव उत्तर प्रदेश में सिपाही के पद पर तैनात हैं। तरुण की तैनाती कुंदरकी थाने में चल रही है। सिपाही ने बताया कि उसने बहन चंचल का रिश्ता मझोला के खुशहालपुर बैंक कॉलोनी निवासी विवेक पुत्र वीरेंद्र के साथ तय की थी। 23 अक्तूबर को मेरठ के रोहटा रोड स्थित हवेली रिसोर्ट में रिंग सेरेमनी हुई थी। 28 नवंबर 2023 को लगन बैंक कॉलोनी खुशहालपुर और 29 नवंबर को शादी तय हुई थी। शादी तय करते वक्त विवेक और उसकी परिवार की ओर से किसी तरह की मांग नहीं की थी लेकिन आठ अक्तूबर को विवेक की बड़ी बहन ने फोन कर कहा कि लगन में 21 लाख कैश और क्रेटा कार देनी होगी। वरना विवेक की शादी गाजियाबाद की लड़की से कर दी जाएगी। काफी मानने के बाद भी विवेक और उसके परिवार के लोग नहीं माने और उन्होंने शादी करने से इन्कार कर दिया। लगन कार्यक्रम की तैयारियों में खर्च हुई धनराशि की मांग की तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि सिपाही तरुण तहरीर पर विवेक कुमार, मंजू, शालिनी, ऋषभ, अनीता, हरवीर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।