मुरादाबाद। शहर के औद्योगिक इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को अब राहत मिलने जा रही है। वर्षों से हैंडपंप और बोरिंग के पानी पर निर्भर इन इलाकों में जल्द ही नलों से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होगी। नगर निगम ने सात औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू करने की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अगले सप्ताह से पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। लगभग 45 दिनों में यह काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों का दावा है कि इससे करीब डेढ़ लाख लोगों को राहत मिलेगी।
जलकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 2.80 करोड़ रुपये की लागत से 20,580 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अगले सप्ताह से काम शुरू होगा। 45 दिनों में इस काम को पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद परीक्षण और फ्लशिंग के बाद इन क्षेत्रों में सप्लाई चालू कर दी जाएगी। अगर मौसम अनुकूल रहा तो नवंबर के अंत तक इन क्षेत्रों में नल से जल बहने लगेगा।
इन औद्योगिक इलाकों में पानी की समस्या को दूर करने के लिए निगम में काफी लंबे समय से मांग की जा रही थी। अब तक इन इलाकों में जल आपूर्ति न होने के कारण नगर निगम को वाटर टैक्स माफ करना पड़ता था। बीते वित्तीय वर्ष में 171 औद्योगिक इकाइयों और आसपास के संपत्ति धारकों का जलकर माफ किया गया था। परियोजना पूरी होने पर निगम अब इन क्षेत्रों से नियमित वाटर टैक्स की वसूली भी करेगा जिससे राजस्व में इजाफा होगा।
नगर आयुक्त का कहना है कि निगम का उद्देश्य है कि कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। औद्योगिक इलाकों में सिर्फ फैक्टरियों को नहीं, बल्कि आसपास बसने वाले परिवारों को भी स्वच्छ जल का अधिकार है। पाइपलाइन बिछाने के बाद इन इलाकों को भी नियमित रूप से पानी मिल सकेगा।
- इन क्षेत्रों में बिछेगी पाइपलाइन
यह पाइपलाइन हरथला, प्रेमनगर, मऊ, लाकड़ी, मैनाठेर, ट्रांसपोर्ट नगर और पंडित नगला की औद्योगिक इलाकों में बिछाई जाएंगी। हरथला में सेठी इंटरप्राइजेज से लेकर ग्रेस फर्नीचर, टेंपटेशन, कैलाश कोल डिपो और सिद्ध हॉस्पिटल तक नई लाइन बिछाई जाएगी। वहीं लाकड़ी औद्योगिक क्षेत्र में गागन तिराहा, हैरिजोन इंपैक्स, कान्हा गोशाला, मनोहर एक्सपोर्ट, सहारा प्रॉपर्टीज, साईं एक्सपोर्ट, बाबा साहब फैक्टरी और होटल ड्राइव इन-24 तक जलापूर्ति लाइन प्रस्तावित है। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर और मैनाठेर में आरटीओ रोड, एमआरएफ सेंटर, संभल टेंपो स्टैंड व ट्रांसपोर्ट नगर जलाशय को पानी की पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा। पंडित नगला के औद्योगिक क्षेत्र में भी पहली बार नल से पानी की आपूर्ति होगी।