मुरादाबाद। जिले के स्कूल संचालकों द्वारा फिटनेस नहीं कराने पर 57 स्कूली वाहनों का पंजीयन निलंबित कर दिया गया। ये वाहन सड़कों पर चलते मिले तो इन्हें सीज कर स्कूल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ कार्यालय में 707 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इसमें 80 स्कूली वाहनों की फिटनेस समाप्त हो गई है। परिवहन विभाग की ओर से बार-बार नोटिस जारी करने के बाद भी फिटनेस नहीं कराने पर 57 स्कूली वाहनों का पंजीयन तीन माह के लिए निलंबित कर दिया गया है।
एआरटीओ (प्रशासन) आंजनेय सिंह ने बताया कि वाहनों की फिटनेस समाप्त होेने पर वाहन मालिकों को कई बार नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद वाहन मालिकों ने वाहनों की फिटनेस नहीं कराई। अभी वाहनों का पंजीयन निलंबित किया गया है, लेकिन अगर वाहन मालिक फिटनेस कराने के लिए नहीं आते हैं, तो पंजीयन निरस्त कर दिया जाएगा।