यह सलाह गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉ. राजीव गुप्ता ने दी है। उनका कहना है कि मोटा अनाज स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद है। इससे पेट की समस्याएं भी नहीं होतीं। उदाहरण के लिए आटा और मैदा की तुलना कर सकते हैं। एक बार में भर पेट भोजन करने की बजाय कुछ घंटों के अंतराल पर थोड़ा थोड़ा खाएं। डॉ. राजीव गुप्ता ने मरीजों के सवालों के जवाब भी दिए हैं।
सवाल : मेरी उम्र 42 वर्ष है। सवाल मुझे पेशाब रुक रुक कर आता है। एक बार में नहीं हो पाता, बार बार जाना पड़ता है। क्या समस्या हो सकती है, कृपया कोई उपाय बताइएगा। - अमित, लाइनपार
जवाब : आपको पेशाब करने से पहले व बाद में दोनों स्थिति में एक-एक अल्ट्रासांउड कराना चाहिए। इसकी रिपोर्ट लेकर डॉक्टर से मिलें। गदूद की समस्या हो सकती है या इन्फेक्शन की आशंका है। यूरोलॉजिस्ट की सलाह पर पेशाब की जांच भी कराई जा सकती है। यदि पानी कम पीते हैं तो इसकी मात्रा बढ़ा दें।
सवाल : मेरी उम्र 28 वर्ष है। मुझे कई महीने से पेट में गैस की दिक्कत है। लीवर के लिए एक सिरप लिया था लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ा। पिछले एक महीने से बहुत ज्यादा परेशान हूं क्या करूं। - अरुण रस्तोगी
जवाब : आपको संतुलित भोजन लेना है। एक बार में भरपेट न खाएं। तली-भुनी और मसाले वाली चीजें कुछ माह तक बिल्कुल न खाएं। इसके अलावा रोज 30 मिनट योगासन करें या टहलें।
सवाल : मेरी उम्र 43 वर्ष है। खाना खाने के बाद पेट में कभी कभी दर्द होने लगता है। क्या समस्या हो सकती है, अल्ट्रासाउंड कराना चाहिए या नहीं। - आयुष कुमार, प्रकाश नगर
जवाब : दर्द के लिए कीड़े खत्म करने वाली गोली ले सकते हैं। यदि हर तीन से चार दिन में दर्द होता है तो अल्ट्रासाउंड अनिवार्य है। सामान्य भोजन ले, इसमें सलाद शामिल करें। यदि फिर भी आराम नहीं होता तो डॉक्टर से मिलकर परामर्श लें।
सवाल : मेरी उम्र 68 वर्ष है। मुझे पेट में जलन महसूस होती है। खाना खाने में परेशानी होती है। बुखार और पेट में दर्द रहता है। यह समस्या पिछले आठ दिन से हो रही है। पेशाब भी पीला आता है। कृपया कोई सलाह दीजिए। - रामभरोसे सिंह, पीतलबस्ती
जवाब : आपको कच्ची प्याज, मूली, नींबू, मिर्च, मसाला, तली-भुनी व खट्टी चीजों से परहेज करना है। जूस भी नहीं पीना है। यह समस्या ठीक हो जाएगी। डॉक्टर से मिलकर खून की जांच व अल्ट्रासाउंड करा सकते हैं।
सवाल : मेरी उम्र 71 वर्ष है। पिछले साल पित्त की थैली का ऑपरेशन हुआ था। अब कुछ भी खाता हूं तो पेट में गैस की शिकायत रहती है। ब्लड प्रेशर भी बढ़ा रहता है। इस कारण ठीक से भोजन नहीं कर पाता हूं और दिमाग चिड़चिड़ा रहता है। - दीपेश कश्यप, दलपतपुर
जवाब : भरपेट भोजन करें। कुछ घंटों के अंतराल पर थोड़ा थोड़ा खाएं। सलाद व हल्की खाद्य सामग्री का प्रयोग करें। एक सप्ताह लगातार बीपी चेक करें। यदि हर दिन बढ़ा हुआ आता है तो डॉक्टर से परामर्श लें।
सवाल : मेरे पापा की उम्र 51 साल है। उन्हें फैटी लीवर की दिक्कत है। इसे कैसे ठीक किया जा सकता है। यदि यह बढ़ गया तो क्या नुकसान हो सकते हैं। वह ज्यादा दवाई नहीं खा सकते इसलिए कोई उपाय बता दीजिए। - मीरा सैनी, रामगंगा विहार
जवाब : देखना होगा कि फैटी लीवर की स्टेज क्या है। फिलहाल उन्हें हरी सब्जियां और सलाद खिलाएं। किसी भी तरह का जूस न दें और तला-भुना नहीं खाना है। यदि वजन ज्यादा है तो उसे कम कराएं। खून की जांच व फाइब्रोस्केन करा सकते हैं।