फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: राशन कार्ड धारकों को मिला मोदी की गारंटी वाला खाली थैला, खाद्यान्न 15 से बंटेगा

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिले के राशन कार्डधारक उपभोक्ताओं को मोदी की गारंटी वाला खाली थैला बांटा जा रहा है। जबकि मार्च का खाद्यान्न 15 मार्च से बांटा जाएगा। पूर्ति विभाग की ओर से इसके शतप्रतिशत वितरण के निर्देश भी कोटेदारों को दिए गए हैं। लिहाजा कोटेदार धड़ल्ले से इसका वितरण करने में जुटे हुए हैं।
विज्ञापन

जिले में करीब 5.50 लाख राशन कार्डधारक उपभोक्ता हैं। जिन्हें करीब 1200 उचित दर दुकानों के माध्यम से प्रतिमाह गरीब कल्याण योजना के तहत मुफ्त खाद्यान्न का वितरण किया जाता है। फरवरी का खाद्यान्न इस बार तीन मार्च तक बांटा गया। लेकिन केंद्र सरकार की ओर से एफसीआई के माध्यम से मोदी की गारंटी का नारा लिखा थैला पांच मार्च को जिले में आया। अब मार्च का खाद्यान्न 15 मार्च से 29 मार्च तक वितरित किया जाना है। प्रशासन का मानना है कि 15 मार्च तक आचार संहिता लग सकती है। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र व नारा लिखा थैला बांटना मुश्किल होगा। लिहाजा प्रशासन के निर्देश पर पूर्ति विभाग की ओर से आनन-फानन इन थैलों को कोटेदारों से उठवाकर उनकी दुकान भिजवाया गया। इसके बाद पूर्ति निरीक्षकों को लगाकर कोटेदारों के माध्यम से उपभोक्ताओं को यह खाली थैले बंटवाए गए। इन थैलों पर एक तरफ पीएम मोदी के चित्र के साथ मोदी सरकार की गारंटी, सभी को अनाज, पोषित समाज, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा अंत्योदय परिवारों को हर महीने 35 किलो राशन, प्राथमिकता परिवारों को प्रति व्यक्ति हर महीने पांच किलो राशन लिखा है। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का मकसद एक ही है, मेरा कोई भाई-बहन, मेरा कोई भारतवासी भूखा ना रहे। इसके अलावा मोटे अक्षरों में मोदी सरकार की गारंटी अगले पांच साल मुफ्त अनाज लिखा है।
प्लॉस्टिक के इस थैले को सभी कोटेदारों से हर हाल में 12 मार्च तक इसे उपभोक्ताओं को वितरित करने तथा वितरण से संबंधित विवरण व फोटो भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके बाद से सभी कोटेदार यह खाली थैला बांटने में जुटे हुए हैं। वितरण के बाद कोटेदारों को पूर्ति विभाग से इसके शत प्रतिशत वितरण का प्रमाणपत्र भी दिया जा रहा है। इस संबंध में डीएसओ अजय प्रताप सिंह ने बताया कि एफसीआई के माध्यम से यह थैले उपभोक्ताओं को वितरण के लिए मिले थे। जो लगभग वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मार्च का खाद्यान्न 15 मार्च से शुरू होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें