मुरादाबाद। गरीबों का राशन सत्ताधारी दल के नेताओं के दबाव में गोदामों पर रोके जाने के मामले में शुक्रवार को दो ऑडियो वायरल हुए जिसमें खुद को भाजपा के पदाधिकार बता रहे लोग राशन डीलरों से धमकाने वाले अंदाज में राशन मांग रहे हैं। उधर इस मामले में जांच रिपोर्ट दूसरे दिन भी सार्वजनिक नहीं हो पाई और अधिकारी एक दूसरे पर पल्ला झाड़ते रहे। हालांकि कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि पार्टी को इस प्रकरण में जांच कराकर जल्द एक्शन लेना चाहिए। कहा कि वह शनिवार को मुरादाबाद आ रहे हैं और प्रकरण को दिखवाएंगे।
गरीबों में मुफ्त बांटने के लिए भेजे गए राशन से पूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रति डीलर कुछ बोरे गोदामों पर रोक लेने का मामला उजागर होने के बाद से ही लखनऊ तक हड़कंप मचा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह लगातार स्थानीय नेताओं से इस प्रकरण पर फीडबैक ले रहे हैं तो कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी भी लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हैं। डीएम के आदेश पर डीएसओ ने 12 घंटे में जांच की औपचारिकता पूरी करके प्रकरण में सभी अधिकारियों और नेताओं को क्लीन चिट भी दे दी थी।
इस मामले में नया मोड़ शुक्रवार को आया जब पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह ने इस जांच को झूठ का पुलिंदा बताते हुए दो ऑडियो जारी किए। ये ऑडियो वायरल भी हुए। इन अलग अलग दो ऑडियो में से एक में खुद को जिला मंत्री भानु प्रताप सिंह और दूसरे जिला मंत्री अभय सिंह बताने वाले व्यक्ति राशन डीलरों से धमकाने वाले अंदाज में राशन मांग रहे हैं। कहा जा रहा है कि मोदी योगी रसोई के लिए राशन पहुंचाना ही होगा। चूंकि यह दायित्व पार्टी ने उन्हें सौंपा है। कहा कि सभी प्रधानों और राशन डीलरों को इसमें सहयोग करना ही है। एक ऑडियो में कहा गया कि अध्यक्ष जी ने यह जिम्मेदारी उन्हें दी है।
जांच कर जल्दी होना चाहिए एक्शन
राशन डीलरों और प्रधानों को धमकाकर पैसे आदि मांगने के ऑडियो मेरी जानकारी में आए हैं। लेकिन मैं इन कार्यकर्ताओं की आवाज नहीं पहचानता। विषय अत्यंत गंभीर है इसकी जांच होकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मैं इस समय संगठन में नहीं हूं। इस विषय में जांच और कार्रवाई पार्टी के स्तर से होगी। प्रदेश अध्यक्ष ने इस बारे में स्थानीय नेताओं से बात भी की है। इस प्रकरण से पार्टी की छवि खराब हो रही है। पार्टी को जांच कराकर जल्द कार्रवाई करनी होगी। मैं शनिवार को मुरादाबाद पहुंचूंगा और अपने स्तर से भी मामले की जानकारी करूंगा। - भूपेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार।
कैसे जांच जब शिकायकर्ता से पूछा तक नहीं: कुंवर सर्वेश
इस मामले में पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश का कहना है कि भला यह कैसी जांच हुई जिसमें शिकायत करने वालों से तो कुछ पूछा ही नहीं। 100 राशन डीलर शपथ पत्र दे चुके हैं कि उनका राशन गोदाम पर रुकवाया गया था। जांच में उन डीलरों के बयान दर्ज क्यों नहीं किए गए। किसके बयानों से क्लीन चिट दी गई, जनता को बताना चाहिए- कुंवर सर्वेश सिंह, पूर्व सांसद, भाजपा।
मैने किसी से राशन को नहीं कहा: राजपाल चौहान
भानु प्रताप सिंह और अभय सिंह मेरी कार्यकारिणी में जिला मंत्री हैं। उनके ऑडियो के बारे में मुझे फिलहाल पूरी जानकारी नहीं है। मैं इस बारे में दोनों से जानकारी करूंगा। मैंने भानु प्रताप को फोन करके पूछा भी है लेकिन तब उन्होंने कहा कि वह कहीं बैठे हैं बाद में बताएंगे। मैंने किसी भी पदाधिकारी को राशन डीलर से मोदी - योगी रसोई में राशन लेने के लिए नहीं कहा है। जहां तक डीएसओ की जांच रिपोर्ट का सवाल है तो डीएसओ ने मुझे गुरुवार को फोन करके कहा था कि उन्होंने जांच रिपोर्ट भेजी है। लेकिन मैंने फोन चेक किया तो उन्होंने रिपोर्ट भेजी नहीं थी। आज मैंने उनसे इस बाबत पूछा तो उन्होंने कहा कि सरकारी कागज वह किसी को दे नहीं सकते हैं।
- राजपाल सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा
दूसरे दिन भी सार्वजनिक नहीं की रिपोर्ट
इस प्रकरण में दूसरे दिन भी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई। जांच करने वाले वाले डीएसओ संजीव सिंह का कहना था कि उन्होंने तो जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। अब वही बता सकते हैं। उधर डीएम ने कहा कि उन्होंने तो सीन कर रिपोर्ट डीएसओ को वापस कर दी है। इस जांच में अधिकारियों, नेताओं सभी को क्लीन चिट दे दी गई है।