मुरादाबाद। मझोला पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और धोखाधड़ी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया। आरोप है कि घटना को अंजाम देने के लिए युवक ने नाबालिग को कोल्डड्रिंक्स में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया था। इस मामले में दो अन्य आरोपी महिलाओं की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।
मझोला क्षेत्र की महिला ने दो दिन पहले एसपी सिटी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी को बेहोश कर पड़ोस के युवक ने दुष्कर्म किया। इस मामले की जानकारी मिलने पर सीओ सिविल लाइन ने मझोला पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पड़ोसी युवक उसकी 16 साल की बेटी का महीनों से पीछा कर रहा था। इस मामले की शिकायत उसने युवक के परिजनों से की। युवक के परिजन शिकायत के चिढ़ गए। उन्होंने गाली गलौज करने के बाद उसके साथ मारपीट की। कुछ लोगों के बीच में पड़ने पर धोखे से एक सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए। 15 सितंबर को पड़ोसी युवक ने उसकी बेटी को बहला फुसलाकर रामेश्वर कालोनी गली नंबर दस में बुलाया। यहां मौजूद दो अन्य महिलाओं ने उसकी बेटी को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दी। किशोरी के बेहोश होने पर पड़ोसी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवक ने उसका वीडियो भी बनाया था।
थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि इस मामले में कांशीराम चौकी प्रभारी योगेश ने मुकदमे की विवेचना की। जांच से पता चला कि आरोपी युवक ने किशोरी की उम्र बढ़ाकर बालिग का फर्जी कागजात तैयार कराए थे। बालिग बताकर युवक ने नाबालिग से रजिस्टर्ड शादी कर ली। साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेज दिया। इस मामले में दो अन्य महिलाओं के भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।