मुरादाबाद। युवक की आत्महत्या के मामले में मझोला पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ बलवा और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग उसे मारने के लिए पीछा कर रहे थे। इसी डर के चलते युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस इस मामले की विवेचना कर रही है।
लाइनपार रामेश्वर कालोनी निवासी हरीश चौहान एक्सपोर्ट की फर्म में काम करता था। बुधवार दोपहर उसे हाथ से छूटा पत्थर मोहल्ले में ही रहने वाले एक बुजुर्ग को लग गया। परिजनों का दावा है कि हरीश ने बुजुर्ग से माफी मांग ली थी। इसके बावजूद वृद्ध के परिवार और मोहल्ले के 20-30 लोग एकत्रित होकर हरीश के घर पहुंच गए। वे हरीश को पीटना चाहते थे। हरीश नहीं मिला तो गांव के लोगों ने उसके पिता भाई और मां के साथ गाली गलौज के बाद मारपीट की। भाई आशीष ने बताया कि रात में हरीश घर आया और करीब 11 बजे खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। वह काफी डरा हुआ था। सुबह परिजन जब उसके कमरे में गए तो युवक फंदे से लटका था। घटना के बाद से परिजनों का रोते रोते बुरा हाल हो गया। इस मामले में एसपी सिटी के आदेश पर मझोला पुलिस ने सोनू, मुन्ना लाल, महेंद्र, राजेंद्र और बंटी सहित पांच लोगों के खिलाफ धारा 147, 323, 504, 506, 306 के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। ब्यूरो