आरोपी डॉक्टर का डीएनए टेस्ट कराएगी पुलिस
ठाकुरद्वारा में नर्स को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के आरोपी डॉक्टर शाहनवाज को कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। इसके लिए पुलिस आरोपी डॉक्टर का डीएनए टेस्ट भी कराएगी। दुष्कर्म पीड़िता की स्लाइड रिपोर्ट आने के बाद पुलिस डीएनए टेस्ट कराने के लिए कोर्ट से अनुमति लेगी। इसके अलावा पीड़िता और आरोपी के कपड़ों से मिले स्पर्म की जांच भी कराई जा रही है।
ठाकुरद्वारा स्थित एबीएम अस्पताल में 17 अगस्त की रात डॉ. शाहनवाज ने नर्स के साथ दुष्कर्म किया था। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस आरोपी डॉक्टर शाहनवाज और उसकी सहयोगी नर्स मेहनाज और वार्ड बॉय जुनैद को जेल भेज चुकी है। यह मामला नए कानूनों के तहत दर्ज हुआ है। इस मामले में कार्रवाई भी भारतीय न्याय संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के तहत की जा रही है।
पुलिस टीमें डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्य जुटा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल की सीडीआर समेत अन्य साक्ष्य भी चार्जशीट में शामिल किए जा रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। इस दौरान स्लाइड भी तैयार की गई है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी नमूने जुटाए।
इसके अलावा पीड़िता और आरोपी के कपड़ों से मिले स्पर्म के अंश की भीजांच कराई जा रही है। एक दो दिन में स्लाइड रिपोर्ट आ जाएगी। स्लाइड रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आरोपी का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। इसके लिए आरोपी के ब्लड सैंपल लिए जाएंगे।
एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि केस में हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही मजबूत चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।