पीड़िता भोजपुर थाना क्षेत्र के निजी अस्पताल में काम करती है। उसने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना में बताया कि उसके गांव के ही एक युवक ने शादी का झांसा देकर उससे साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने मोबाइल से वीडियो भी बना ली। युवती ने शादी के लिए कहा तो आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे जेल भी भेज दिया था। जमानत पर आने के बाद आरोपी ने पीड़िता के सामने अपनी गलती मानी थी। आरोपी ने पीड़िता से कोर्ट में अपने पक्ष में बयान देने को कहा।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी के बहकावे में आकर उसने उसके कहे अनुसार कोर्ट में बयान दे दिए। बयान दिलाने के बाद आरोपी ने फिर से पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। कहने लगा कि तुम्हारी अश्लील फोटो मेरे पास है, जिसे वायरल कर दूंगा। पीड़िता ने उसकी धमकी पर ध्यान नहीं दिया। पीड़िता के परिवार वालों ने पीड़िता का रिश्ता कहीं दूसरे युवक से तय कर दिया था। इसकी भनक आरोपी को लग गई तो उसने फेसबुक पर पीड़िता के नाम से फर्जी आईडी बनाई और उसमें अश्लील फोटो वाली डीपी लगा दी। बाद में वह फोटो फेसबुक के माध्यम से सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। एसएसपी ने भगतपुर थाना प्रभारी को केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।