पाकबड़ा (मुरादाबाद)। नौकरी की तलाश में अमरोहा से मुरादाबाद आए एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी र्गई। पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा ईट से कुचलने और जलाने की कोशिश की गई। युवक का शव सोमवार सुबह पाकबड़ा थानाक्षेत्र में हाईवे किनारे चारदीवारी किए गए खेत में मिला है। अज्ञात के खिलाफ इस मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। करीब डेढ़ साल पहले यह युवक दुष्कर्म के मामले में पाकबड़ा थाने से जेल जा चुका था। इन दिनों जमानत पर जेल से बाहर था। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक, पाकबडा मे हाईवे किनारे खेत में हरद्वारी निवासी बडा मंदिर पाकबडा बटाई पर खेती करता है। बटाईदार ने बताया कि वह सवेरे साढे़ आठ बजे खेत पर गया तो वहां एक युवक का शव पडा देखा। जिसकी सूचना उसने थाने जाकर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। युवक के चेहरे, सिर और गर्दन पर चाकू से वार किए जाने के निशान मिले। शव के पास से एक आधी जली हुई सिगरेट, एक लाठी का टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर फोटो वायरल किए। पोस्टमार्टम के दौरान स्पष्ट हुआ कि युवक के शव पर करीब 15-20 बार धारदार हथियार से वार किए गए हैं। सोमवार देर शाम मृतक की शिनाख्त अमरोहा के डिडौली थानाक्षेत्र स्थित चौधरपुर निवासी फरमान (22) के रूप में हुई। परिवार वालों ने बताया कि वह केरल में नौकरी करता था। चंद रोज पहले ही वहां से वापस लौटा था। शनिवार की दोपहर को घर से नौकरी की तलाश में अकेला मुरादाबाद आया था। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।
‘युवक के खिलाफ अमरोहा में छेड़खानी और पाकबड़ा में दुष्कर्म का मामला दर्ज है। वह जमानत पर जेल से बाहर था। चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। हत्या की वजह और उसके आरोपी के बारे में जानकारी का प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।’
- अंकित मित्तन, एसपी सिटी।