रामपुर जिले के बाजपुर मार्ग पर शनिवार शाम सब्जी लेकर जा रही पिकअप का टायर फट गया, जिससे पिकअप अनियंत्रित हो गई ओर सामने से आ रही बाइक से टकराकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई और पिकअप चालक भी घायल हो गया।
हादसा होते देख मौके पर मौजूद राहगीरों की भीड़ लग गई और सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा। वहीं हादसे में परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने की लिखित सहमति पुलिस को दी है।
शनिवार सुबह लगभग 10 बजे एक पिकअप स्वार सब्जी मंडी से सब्जी भरकर बाजपुर के बरहनी गांव को साप्ताहिक बाजार जा रही थी। मानपुर से निकलने के बाद महाराजपुर के निकट पिकअप का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक का पिकअप पर नियंत्रण नहीं रहा और पिकअप बाजपुर दिशा की ओर से आ रही एक बाइक से टकराकर गड्ढे में पलट गई।
हादसे में बब्बरपुरी गांव निवासी बाइक सवार हाजी अनवर (65 ) और उनके पुत्र नूर मोहम्मद (45) सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन दोनों घायलों को उपचार के लिए काशीपुर अस्पताल भेजा गया लेकिन, नूर मोहम्मद ने रास्ते में बाजपुर के निकट ही दम तोड़ दिया।
वहीं पिता हाजी अनवर ने भी काशीपुर अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ दिया। हादसे में पिता-पुत्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं हादसे में पिकअप चालक रामकुमार निवासी कनोरा (बाजपुर) और एक अन्य पिकअप सवार खुमानी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को बाजपुर अस्पताल भेजा। मृतक परिजनों ने घटना को इत्तेफाक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई न करने की गुहार लगाई और इस बाबत लिखित सहमति पुलिस को दी है। जिस पर पुलिस ने परिजनों की मांग पर बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव परिजनों को सौंप दिए।