मुरादाबाद। पाकबड़ा के लोधीपुर राजपूत गांव स्थित क्रिकेट एकेडमी में कोच नियुक्ति के विवाद में रणजी खिलाड़ी वाजिद अली पर हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी कोच मोहम्मद हसीन उर्फ बादशाह, उसके भाई शाहनवाज उर्फ शालू और दो अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हापुड़ जिले की गढ़ विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक कमल सिंह मलिक का पाकबड़ा थानाक्षेत्र के लोधीपुर राजपूत गांव में रुक्मणि कॉलेज है। इस कॉलेज के मैदान में क्रिकेटर मो. शमी के कोच बदरुद्दीन एकेडमी चलाते हैं। उन्होंने करीब तीन साल पहले करनपुर निवासी मो. हसीन उर्फ बादशाह को कोच नियुक्त किया था। अब उन्होंने रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र के मजरा हसन निवासी रणजी खिलाड़ी वाजिद अली को कोच नियुक्त कर दिया है।
सोमवार को कोच बदरुद्दीन एकेडमी में गए थे और बादशाह को बताया कि वाजिद अली को नया कोच नियुक्त कर दिया है। बादशाह ने इसका विरोध किया था। इसी बात पर बदरुद्दीन और बादशाह में बहस हुई तो रणजी खिलाड़ी ने बदरुद्दीन का पक्ष लिया था। उस वक्त तो मामला शांत हो गया था।
वाजिद अली ने पाकबड़ा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सोमवार की रात करीब साढ़े 11 बजे वह अस्पताल से दवा लेकर पाकबड़ा थाना क्षेत्र के ख्वाजा कॉलोनी स्थित आवास जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान डींगरपुर चौराहे के पास मो. हसीन उर्फ बादशाह, शाहनवाज उर्फ शालू और दो अन्य युवक आ गए और उन्हें घेरकर पिटाई की। अन्य लोगों के बीच बचाव करने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए थे। सीओ हाईवे वरुण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।