मुरादाबाद। पहाड़ों व मैदानी इलाकों में हुई बारिश के बाद रामगंगा का जलस्तर 26 सेंटीमीटर और गंगा का जलस्तर 25 सेंटीमीटर बढ़ गया है। बाढ़ खंड के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल बाढ़ की संभावना नहीं है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया है। बाढ़ के संभावित खतरे से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शासन से मांगी गई 20 लाख रुपये की धनराशि भी प्राप्त हो गई है।
पहाड़ों पर हुई बारिश के साथ ही मैदानी इलाकों में भी हुई बारिश के चलते जिले में बहने वाली रामगंगा और गंगा दोनों ही नदियों का जल स्तर बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में रामगंगा का जल जलस्तर 26 सेंटीमीटर बढ़कर जहां 188.10 मीटर हो गया है वहीं गंगा का जलस्तर 25 सेंटीमीटर बढ़कर 198.40 मीटर हो गया है। जबकि पिछले साल 12 अगस्त को दोनों नदियों का जल स्तर क्रमश: 187.70 मीटर और 198.10 मीटर था। बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि जिले में फिलहाल बाढ़ की आशंका नहीं है, फिर भी ऐहतियात के तौर पर प्रशासन के निर्देश पर बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में जिले में 20 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है।
बाढ़ से बचाव, राहत को मिले 20 लाख रुपये
एडीएम प्रीति जायसवाल ने बताया कि जिले में फिलहाल बाढ़ की संभावना नहीं है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए अप्रैल माह में ही शासन को 20 लाख रुपये की डिमांड बचाव व राहत कार्य के लिए भेजी गई थी। जिसमें से 10 लाख रुपये जून में प्राप्त हो गए थे तथा शेष दस लाख रुपये दस अगस्त को शासन से प्राप्त हो गए हैं। पिछले वर्ष शासन से बाढ़ से बचाव व राहत कार्य के लिए जिला प्रशासन को 35 लाख रुपये मिले थे। लेकिन बाढ़ न आने की वजह से राशि वापस कर दी गई थी।
किस तहसील में कितनी बाढ़ चौकियां
मुरादाबाद 16
ठाकुरद्वारा 09
कांठ 06
बिलारी 03
कुल 34
नोट: इसके अलावा बाढ़ खंड की ओर से तीन अन्य बाढ़ चौकियां भी स्थापित की गई हैं।
रामगंगा में कितना पानी छोड़ेने पर किस स्तर की आएगी बाढ़
प्रवाह सीमा बाढ़ का स्तर
25 हजार से 75 हजार क्यूसेक निम्न बाढ़
75 हजार से 1,25 लाख क्यूसेक मध्यम बाढ़
1.25 लाख से 1.75 लाख क्यूसेक ऊंची बाढ़
1.75 लाख क्यूसेक से ऊपर उच्च स्तर की बाढ़