मुरादाबाद। नगरिया सादात स्टेशन के पास रेल पटरी में चार इंच का गैप आने के बाद हादसे की आशंका टालने के लिए राज्यरानी एक्सप्रेस को 40 मिनट तक पटरी पर ही खड़ा रखा गया। सही समय पर बड़ा गैप नजर आ गया जिसके चलते हादसा बच गया।
नगरिया सादात और धनेटा स्टेशनों के बीच किमी संख्या 1339/06-04 पर रेल पटरी पर चार इंच का गैप मिला। नगरिया सादात के केबिन मास्टर ने सोमवार सुबह 10 बजे गैप देखने के बाद मंडल के कंट्रोल रूम को जानकारी दी। मौके पर इंजीनियरिंग विभाग की टीम पहुंची तो एक्स ओवर पर एक बोल्ट भी टूटा मिला। हादसे की आशंका के साथ पीछे से आ रही राज्यरानी एक्सप्रेस को पटरी पर ही रोक दिया गया। करीब 40 मिनट तक यात्री ट्रेन पटरी पर ही खड़ी रही। यात्री पटरी पर उतर आए। पीडब्लूआई स्टाफ दोपहर 11.15 बजे पटरी को ट्रेन संचालन लायक बना सका। इसके बाद राज्यरानी एक्सप्रेस को गुजारा जा सका।