जेएनयू में भारत विरोधी नारेबाजी का मसला राजनीतिक टकराव का रूप लेने लगा है। गृह विभाग ने खुफिया एजेंसियों को भी चौकस कर दिया है। सभी बड़े आयोजनों पर निगाह रखी जा रही है। मुरादाबाद में भी पाक समर्थित नारेबाजी का मामला सामने आया है। बुधवार को एक शिक्षण संस्थान से मिली सूचना के बाद पुलिस और खुफिया विभाग ने छानबीन की है।
जेएनयू के नारों का ‘वायरस’ मंडल में भी पहुंच गया है। दो दिन पहले रामपुर में कुछ बाइक सवार युवकों ने पाक समर्थित नारे लगाए थे। हालांकि इनके बारे में पुलिस अभी तक कुछ भी नहीं बता सकी है। वह कौन थे कहां से आए थे किसी को नहीं पता। बुधवार को मुरादाबाद में भी एक बड़े शिक्षण संस्थान में पाक समर्थित नारे लगने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया।
क्योंकि मुद्दा संवेदनशील था लिहाजा तत्काल पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने पहुंचकर छानबीन की। खुफिया विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि नारे लगाने वाले कौन थे। हालांकि अभी कुछ जानकारी नहीं हो सकी है। वहीं इस प्रकार के मामले सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
सभी जनपदों के लिए गृह विभाग से जारी निर्देशों में कहा गया है कि अगर कहीं कोई भड़काऊ नारेबाजी होती है तो तत्काल कार्रवाई की जाए। आला अफसरों को सूचना दी जाए। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों से भी कहा गया है कि किसी कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति देने से पहले पूरी छानबीन कर लें। आयोजकों से साफ कहा जाए कि अगर कोई गड़बड़ी होती है तो उसके लिए सीधे तौर पर वह जिम्मेदार होंगे।