ठाकुरद्वारा। क्षेत्र में मंगलवार रात को हुई भारी बारिश और तेज हवा से धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसान मायूस है किसानों ने शासन प्रशासन से बारिश से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
मंगलवार को देर रात क्षेत्र में जमकर बारिश हुई।जो बुधवार को सुबह आठ बजे तक होती रही। प्रशासन के रिकॉर्ड में सुबह 8:00 बजे तक 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। गांव गोपीवाला, कालेवाला, माधोबाला, असलेमपुर, बादरझल्ला आदि में सुबह जब किसान अपने खेत पर पहुंचे तो उन्हें खेत में धान की पकने के कगार पर पहुंच चुकी फसल नीचे बीच बिछी पड़ी हुई थी। कड़ी मेहनत से तैयार की गई फसल की बर्बादी देखकर किसानों में मायूसी दिखाई दी। आंखों से आंसू निकलने लगे। गांव बादरझल्ला के किसान मित्र पाल सिंह ने कहा कि उनकी खेत में खड़ी धान की सभी फसल आंधी और बारिश से गिर गई है। इससे फसल के उत्पादन पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने शासन प्रशासन से फसल के नुकसान की जांच करा कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। गन्ने की फसल को कम नुकसान हुआ है। उधर नगर के कोतवाली के पास स्थित बुध बाजार और समरसता रास्ता पार्क रोड पर नलियों की गंदगी सड़क पर आ गई। इससे लोगों को बदबू के कारण वहां से गुजरने में भारी परेशानी हुई।