मुरादाबाद। छोटी दूरी के लिए जनरल टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को रेलवे सौगात देने जा रहा है। अप्रैल से शटल ट्रेनें शुरू करने की प्लानिंग बनाई जा रही है। इसकी चर्चा पिछले रेल बजट में हो चुकी है। इसके बाद से ही मंडलीय अधिकारियों ने मुरादाबाद-लखनऊ, मुरादाबाद-सहारनपुर आदि मार्गों पर ट्रेनों के प्रस्ताव बनाए।
अब बहुत जल्द इन्हें पटरियों पर उतरते देखा जा सकेगा। रेलवे नवंबर 2024 से लगातार स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। गंगा स्नान, दिवाली, छठ पूजा के बाद अब कुंभ के लिए संचालन किया जा रहा है। इसके बाद छोटी दूरी की ट्रेनों को शुरू करने के लिए प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। होली तक स्पेशल ट्रेनों का संचालन लगातार होता रहेगा। इसके बाद अप्रैल से शटल ट्रेनों को शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। यह ट्रेनें 250 किलोमीटर तक की दूरी कवर करेंगी। फिलहाल मंडल में चंदौसी-ऋषिकेश, मुरादाबाद-दिल्ली, रोजा-सीतापुर, मुरादाबाद-बरेली, मुरादाबाद-नजीबाबाद, गजरौला-अलीगढ़, मुरादाबाद-रामनगर के बीच पैसेंजर ट्रेनों का संचालन हो रहा है। वहीं कोरोना काल के बाद से पांच पैसेंजर ट्रेनें स्थायी रूप से बंद हैं। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता का कहना है कि छोटी दूरी की पैसेंजर (शटल) ट्रेनें चलाने के लिए तैयारी का जा रही है। होली के बाद इनकी घोषणा हो सकती है। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।