मुरादाबाद। नया कपूर कंपनी पुल बनाने के लिए रेलवे ने बाधा बन रहे पेड़ों को काट दिया है। इसके लिए वन विभाग से एनओसी ली गई थी। बृहस्पतिवार को सभी पेड़ काटकर उनके तने व शाखाओं को साइट से हटा दिया गया। इससे नए पुल की नींव खोदाई का काम तेज हो गया है। निजी फर्म ने साइट पर स्टाफ बढ़ा दिया है।
रेलवे के इंजीनियर काम का मुआयना कर रहे हैं। लाइनपार की ओर स्थित सरकारी आवास को ध्वस्त किया जा चुका है। अब जल्द ही छह दुकानों को तोड़ा जाएगा। इनमें तीन लाइनपार व तीन शहर की ओर स्थित हैं। इंजीनियरों के लगाए निशान पर कंपनी ने कार्य शुरू कर दिया है। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि जल्द से जल्द कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। नींव खोदाई होने के बाद लखनऊ कार्यशाला में बन रहे पुल के हिस्सों को स्थापित करने का काम शुरू होगा। पूरा पुल बनने में करीब चार माह का समय लगेगा। ज्ञात हो कि पुराना कपूर कंपनी पुल चार दिसंबर 2022 से बंद है। इसके कारण दोपहिया वाहनों का आवागमन शहर से लाइनपार की ओर नहीं हो पाता है। पांच लाख की आबादी की परेशानी नया पुल बनने से दूर हो जाएगी।