मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई। कुछ घंटे पहले ही किसान ने अपनी बेटी को शादी के बाद विदा किया था।
कटघर थाना क्षेत्र के गांव भैंसिया निवासी उस्मान (54) किसान थे। परिवार में पत्नी, चार बेटियां और तीन बेटे हैं। किसान के भाई फारुख ने बताया कि उस्मान करीब ढाई साल से कैंसर से पीड़ित थे। बुधवार को किसान की बेटी बेटी नासिरा की शादी की थी। दोपहर में गोविंदपुर से बारात आई थी और शाम को नासिरा विदा हो गई। बेटी की विदाई के बाद पूरा परिवार घर में सो गया था। देर रात करीब ढाई बजे उस्मान घर से बाहर निकल कर और गांव के पास से गुजर रही रेलवे लाइन किनारे पहुंच गए। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन चालक ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लिया था। बृहस्पतिवार सुबह परिजन जागे तो उन्होंने देखा कि उस्मान अपनी चारपाई पर नहीं है। इसी बीच पता चला कि ट्रेन की चपेट में एक व्यक्ति की मौत हुई है। परिजन मोर्चरी पहुंच गए और उन्होंने देख कर मृतक की पहचान उस्मान के रूप में कर ली। थाना प्रभारी तेजवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में एक्सीडेंटल चोटों से मौत होने की पुष्टि हुई है।