लंबे समय से चल रही स्पेशल ट्रेनों को नियमित करेगा रेलवे
लंबे समय से चल रही स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने के लिए रेलवे नीति बना रहा है। हाल ही में टनकपुर से दौराई के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को नियमित किया गया है। इससे खाटू श्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है।
इसी तरह अमृतसर से जयनगर के बीच चलने वाली क्लोन एक्सप्रेस, अमृतसर-सहरसा स्पेशल एक्सप्रेस कई ट्रेनों को नियमित करने की तैयारी है। रेलवे ने इन ट्रेनों को स्पेशल की संज्ञा न देकर टीओडी (ट्रेन ऑन डिमांड) कहा है। इन्हें नियमित करने के लिए टाइमटेबल व मार्ग निर्धारित किया जा रहा है।
सितंबर में होगा धामपुर रेलवे स्टेशन के नए भवन का उद्घाटन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल का एक और स्टेशन बनकर तैयार हो चुका है। रेलवे सितंबर में धामपुर स्टेशन के नए भवन के लोकार्पण की तैयारी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से इसका लोकार्पण कर सकते हैं। इससे पहले बिजनौर स्टेशन का लोकार्पण किया गया है। मंडल में योजना के तहत 19 स्टेशनों का विकास कार्य चल रहा है। इनमें रामपुर, चंदौसी, नजीबाबाद, गजरौला, अमरोहा, शाहजहांपुर, हरदोई, कोटद्वार, बुलंदशहर, नगीना आदि शामिल हैं।