मुरादाबाद। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। नए साल में फरवरी माह से पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो सकता है। यात्रियों की मांग और विभिन्न स्टेशनों से ट्रैफिक लोड का अध्ययन करने के बाद मुरादाबाद मंडल से रेलवे बोर्ड को 25 जोड़ी ट्रेनें चलाने का सुझाव भेजा गया है। ये सभी वह ट्रेनें हैं, जिन्हें महामारी के दृष्टिगत अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
इन 25 जोड़ी ट्रेनों में एक्सप्रेस और पैसेंजर दोनों प्रकार की ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू होने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। मुरादाबाद मंडल के छोटे स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव न होने के कारण यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए लंबी दूरी तय करके मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर आना पड़ता है। पैसेंजर ट्रेनों के चलने से यह समस्या हल हो जाएगी। विशेष बात यह है कि इन ट्रेनों में मुरादाबाद-दिल्ली पैसेंजर (54307/08) और चंदौसी-मुरादाबाद पैसेंजर (54313/12) भी शामिल हैं। इन ट्रेनों में काफी संख्या में लोकल यात्री सफर करते हैं। रेलवे बोर्ड के निर्देशों पर मंडल के स्टेशनों से ट्रैफिक डिमांड का अध्ययन करने के बाद मुख्यालय से यह डाटा रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। सहायक वाणिज्य प्रबंधक नरेश सिंह ने बताया कि यात्रियों की मांग और रेलवे परामर्श दात्री समिति के सुझावों को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो नए साल की शुरूआत में इन ट्रेनों के परिचालन की अनुमति मिल सकती है।
23 मार्च से बंद है पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन
लॉकडाउन के बाद से पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन बंद है। आठ दिसंबर को रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक पैसेंजर मार्केटिंग (प्रथम) विपुल सिंघल ने अनारक्षित टिकटों की बिक्री शुरू करने के संबंध में पत्र जारी किया था। उन्होंने पत्र में जोनल मुख्यालयों को आकलन करने के बाद निर्णय लेने की स्वतंत्रता दी थी। अब इसके बाद यदि पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन बहाल होगा तो लाखों रेल यात्रियों की परेशानी दूर होगी।
ये ट्रेनें हैं प्रस्ताव में शामिल
ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम
54341/42 सहारनपुर - देहरादून पैसेंजर
54481/82 हरिद्वार - ऋषिकेश पैसेंजर
54463/64 बांदीकुई - ऋषिकेश पैसेंजर
12063 ऊना जनशताब्दी लिंक एक्सप्रेस
54381/84 गजरौला - नजीबाबाद पैसेंजर
54382/83 नजीबाबाद - गजरौला पैसेंजर
54385/90 नजीबाबाद - कोटद्वार पैसेंजर
54307/08 मुरादाबाद - दिल्ली पैसेंजर
54313/12 चंदौसी - मुरादाबाद पैसेंजर
14315/16 नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस
14311/22 आला हजरत एक्सप्रेस
54353/54 रेवाड़ी - हिसार पैसेंजर
14307/08 बरेली - प्रयागराज एक्सप्रेस
54355/56 रोजा - बरेली पैसेंजर
54377/78 प्रयागराज - बरेली पैसेंजर
14313/20 बरेली साप्ताहिक एक्सप्रेस
54462/61 बरेली - बांदीकुई पैसेंजर
54331/32 लखनऊ - बालामऊ पैसेंजर
54321/22 बालामऊ - सीतापुर पैसेंजर
54335/36 बालामऊ - कानपुर सेंट्रल पैसेंजर
54329/30 बालामऊ - शाहजहांपुर पैसेंजर
12055/56 देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस
12401/02 नंदा देवी एसी एक्सप्रेस
14309/10 उज्जैनी एक्सप्रेस
14317/18 इंदौर - देहरादून एक्सप्रेस