मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में पटरियां चटकने के मामले नहीं थम पा रहे हैं। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे मंडल के मेवा नवादा में डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन टूटी पटरी से गुजर गई। तेज झटका लगने पर चालक ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में दी। जिससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और ट्रेनों का संचालन बंद कराने के बाद ट्रैक की मरम्मत की गई। साढ़े नौ बजे ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया।
बुधवार को एक्सप्रेस ट्रेन (15903) डिब्रूगढ़ से चंडीगढ़ जा रही थी। सुबह साढ़े आठ बजे ट्रेन मेवा नवादा से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने तेज झटका महसूस किया। चालक ने तुरंत ट्रेन की रफ्तार कम कर दी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल रूम में इसकी जानकारी दी। पटरी चटकने की सूचना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। ट्रेनों का संचालन बंद करवा दिया गया। इंजीनियरिंग शाखा की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की मरम्मत की इस दौरान काठगोदाम से देहरादून जाने वाली नैनी दून जन शताब्दी ट्रेन बीच में रुकी रही। ट्रैक ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।